लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होली के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।
अपने बधाई संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि होली भारत की सनातन परम्परा का प्रमुख पर्व है। सामाजिक समता, सौहार्द व उल्लास का प्रतीक यह पर्व सम्पूर्ण समाज व प्रदेशवासियों के लिए मंगलमय हो।
उन्होंने कहा कि पर्व व त्योहारों की लम्बी श्रृंखला, भारत की प्राचीन गौरवशाली परम्परा का उदाहरण है। सनातन परम्परा में पर्व व त्योहार हर्षाेल्लास व राष्ट्रीयता को दृढ़ता प्रदान करने का प्रेरणास्पद क्षण भी है। समाज और राष्ट्र में परिवर्तन की महत्वपूर्ण घटनाओं को हमारी ऋषि परम्परा ने पर्व व त्योहारों के रूप में धार्मिक मान्यता देकर अगली पीढ़ी को प्रेरणा व प्रकाश का आधार प्रदान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि होली का पर्व हमें अधर्म, असत्य व अन्याय जैसी नकारात्मक प्रवृत्तियों से लडऩे की प्रेरणा देता है। हमारे पर्व व त्योहारों में शोक और सन्ताप का कोई स्थान नहीं है, लेकिन हर्षाेल्लास के प्रतीक इन पर्वों में जोश के साथ होश भी आवश्यक है। अपने पर्व व त्योहार की पवित्रता व मर्यादा हम सबको बनाये रखनी है। इस दृष्टि से कोई भी ऐसा कार्य न हो, जिससे पर्व व त्योहार की मर्यादा भंग होती हो।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को समरसता, सद्भाव व उल्लास के पर्व होली की अनन्त शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली के पर्व को सौहार्दपूर्ण व गरिमामय ढंग से मनाएं।
मुख्यमंत्री ने होली के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले समस्त कार्यक्रमों में कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पालन किए जाने की अपील की है।


More Stories
कार के उड़े परखच्चे: सिसवा-खड्डा मार्ग पर टला बड़ा हादसा, एयरबैग ने बचाई जान
UP Assembly Elections 2027- गठबंधन की अटकलों पर BSP की मुखिया मायावती ने लगाया पूर्ण विराम, BSP अकेले लड़ेगी चुनाव
गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेकर देश का गौरव बढ़ाने वाली सेंट एंड्रयूज कॉलेज की NCC कैडेट वंशिका को मिला सम्मान