लखनऊ । समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि जनता भाजपा के झूठे वादों और फरेबी राजनीति से ऊब चुकी है। महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार पूरी तरह अनियंत्रित है। पुलिस निरंकुश है। किसान-नौजवान, गरीब, मजदूर, कर्मचारी, व्यापारी सहित समाज का हर वर्ग परेशान और त्रस्त है। शैक्षिक भ्रष्टाचार चल रहा है। भाजपा ने कोई ऐसा काम ही नहीं किया जिसे उसके नाम पर गिनाया जा सके। इसलिए भाजपा को सत्ता से बेदखल करने और समाजवादी पार्टी को वापस सत्ता में लाने का मन पूरी तरह से बना लिया है। इससे भाजपा खेमे में घोर निराशा है। रविवार को पार्टी मुख्यालय से जारी बयान में सपा प्रमुख ने कहा कि हार के डर से बौखलाई भारतीय जनता पार्टी ने समाजवादी पार्टी के खिलाफ अनर्गल और अभद्र बयानबाजी शुरू कर दी है। छेड़छाड़ कर बने वीडियो प्रदर्शित किए जा रहे हैं। भाजपा की दलित व महिला विरोधी सोच उनके प्रवक्ताओं के मुंह पर आ ही जाती है। आगे कहा कि दिवंगत फूलन देवी के खिलाफ अपशब्द बोलकर भाजपा प्रवक्ता ने सम्पूर्ण निषाद समाज का घोर अपमान करने की कोशिश की है। शालीनता को ताक पर रखकर नए-नए नाम लिए जा रहे हैं। राजनीति में ऐसी गिरावट पहले कभी नहीं देखी गई। भाजपा विपक्ष के प्रति पूर्णतया असहिष्णु और विद्वेष भाव से भरी है।
नीति आयोग के गरीबी पर आए रिजल्ट कार्ड में उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार के राज में इस प्रदेश ने तीसरे सबसे गरीब राज्य होने का कीर्तिमान बनाया है। उत्तर प्रदेश को गरीबी में ढकेलने वाले क्या किसी की आय दोगुनी करेंगे? अखिलेश ने योगी सरकार के परीक्षा प्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यूपी टीईटी-2021 की परीक्षा का पेपर लीक होने की वजह से रद्द होना बीसों लाख बेरोजगार अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। भाजपा सरकार में पेपर लीक होना, परीक्षा व परिणाम रद्द होना आम बात है। जनता को कोरोना संकट काल में अनाथ की तरह छोड़कर भाजपा को जश्न मनाने में संकोच नहीं हुआ। संवेदनशून्य भाजपा सरकार आधे-अधूरे कामों का लोकार्पण और शिलान्यास से जनता को भटकाने का काम कर रही है। भाजपा सरकार ने जनता के सपनों को रौंद दिया है। सबका काम छिन गया है। अगड़े-पिछड़े, वंचित और अल्पसंख्यक समाज एकजुट होकर भाजपा को सबक सिखाएंगे। समाजवादी सरकार की उपलब्धियों से प्रभावित होकर जनता सिर्फ चुनाव की तिथियों का इंतजार कर रही है। इस बार 2022 के होने वाले चुनावों में भाजपा का कहीं अता पता नहीं मिलेगा।


More Stories
मेहनत का चमका सितारा: S.S. छात्र-छात्राओं के मेधावी छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित
एक्सीलेंस लाइब्रेरी ने मनाया अपनी सफलता का एक वर्ष, प्रतिभाशाली छात्र हुए सम्मानित
Gorakhpur News – सेण्ट ऐण्ड्रयूज कॉलेज के विधि विभाग में संविधान के 22 भागों पर आधारित चित्रों पर विशेष व्याख्यान का हुआ आयोजन