February 13, 2025

UP One India

Leading Hindi News Website

बर्तनों में रह जाते है तेल या जलने के दाग, इस तरह से करें इनकी सफाई

बर्तनों में रह जाते है तेल या जलने के दाग, इस तरह से करें इनकी सफाई

रसोई में खाना बनाने और परोसने के लिए कई प्रकार के बर्तनों का इस्तेमाल किया जाता हैं। देखा जाता हैं कि खाना खाने के बाद हर प्रकार के बर्तनों में सफाई को लेकर समस्या आती हैं। कुछ बर्तन हाथोंहाथ चमक जाते हैं तो कुछ पर तेल या जलने के दाग रह जाते हैं और वे पीले या जकाले दिखने लगते हैं। ये दाग बर्तनों में से जल्दी साफ नहीं होते हैं। ये दाग दिखने में बिल्कुल भी अच्छे नहीं लगते हैं। ऐसे में आज इस कड़ी में हम आपके लिए कुछ टिप्स लेकर आए हैं जिनकी मदद से बर्तनों की सफाई को आसान बनाया जा सकता हैं और इन दागों को दूर किया जा सकता हैं। तो आइये जानते हैं किस तरह से करें बर्तनों की सफाई…

स्टील के बर्तन
सामान्य तौर पर किचन में स्टील के बर्तन ही हर घर में यूज़ किए जाते हैं। स्टील के बर्तनों में तेल के दाग तो नहीं लगते हैं। लेकिन इन पर पानी के दाग तुरंत लग जाते हैं और ये छूटते नहीं है। इन पानी के दागों को छुड़ाने के लिए प्याज का रस और सिरका का इस्तेमाल करें। प्याज के रस और सिरके को एक बोतल में बराबर मात्रा में मिलाकर रखें। अब इसमें थोड़ा लिक्विड शोप मिला लें। अब इस मिश्रण से बर्तनों को धोएं। बर्तन चमकने लगेंगे।

प्लास्टिक के बर्तन
इन दिनों लोगों को प्लास्टिक के बर्तन काफी आकर्षित कर रहे हैं। बच्चों से लेकर बड़े तक प्लास्टिक के टिफिन, बॉटल जैसे कई बर्तन इस्तेमाल कर रहे हैं। प्लास्टिक के बर्तनों में खाने की महक आने लगती है जो धोने पर भी नहीं जाती तो कई बार ये पीले पड़ जाते है और इनमे दाग भी लग जाते हैं। इसके लिए आप एक बाल्टी गर्म पानी में तीन चम्मच बेकिंग सोडा डालकर अच्छी तरह से मिला लें। अब अपने प्लास्टिक के बर्तनों को इसमें पूरी तरह डुबो कर कुछ देर रख दे। आधे घंटे बाद इन बर्तनों को स्क्रब से रगड़कर साफ पानी से धो लें। या फिर आप पानी में सिरके को मिलाएं, अब इसे दाग-धब्बों वाले बर्तन पर डाल कर कुछ देर के लिए छोड़ दें। थोड़ी देर बाद स्क्रब से रगड़कर साफ करें। ऐसा करने से आपके बर्तन से बदबू भी चली जाएगी और साथ ही वे चमकने भी लगेगे।

पीतल के बर्तन
पीतल के बर्तनों में भी पानी के दाग तुरंत लग जाते हैं। इन दागों को छुड़ाने के लिए नींबू को आधा काट लें व इस पर नमक लगाकर बर्तनों पर रगड़ें। इससे पीतल के बर्तन चमकने लगेंगे। पीतल के बर्तनों में घी के दाग लग जाते हैं। इन दाग को पाउडर या फिर पानी से धोने के बजाए राख से साफ करें। दाग तुरंत साफ हो जाएंगे।

एल्युमीनियम के बर्तन
चाय या पानी गर्म करने के लिए अधिकतर लोगों के किचन में एल्युमीनियम के बर्तनों (सॉसपेन) का इस्तेमाल होता है। कुछ सालों के बाद लगातार चाय बनने के कारण ये बर्तन काले पडऩे लगते हैं। इन काले दागों को छुड़ाने के लिए धोने वाले पाउडर में थोड़ा-सा नमक मिलाकर इस्तेमाल करें। आप देखेंगे कि आपके बर्तन नए हो गए हैं।

बड़े बर्तन
बड़े बर्तन जैसे प्रेशर कुकर में पानी उबलने के काले दाग लग जाते हैं। इन दागों पर कोई ध्यान भी नहीं देता क्योंकि इसमें मेहमानों को खाना सर्व नहीं किया जाता। लेकिन किचन की खूबसूरती तभी बढ़ती है जब सभी बर्तन साफ हों और साफ बर्तनों में प्रेशर कुकर भी शामिल होता है। इसलिए प्रेशर कुकर को भी जरूर साफ करें और प्रेशर कुकर में लगे काले दाग को छुड़ाने के लिए कूकर में पानी, 1 चम्मच वॉशिंग पाउडर व आधा नींबू डालकर उबाल लें। बाद में बर्तन साफ करने की जाली से हल्का रगड़कर साफ करें। कूकर एकदम नए जैसा चमकने लगेगा। या फिर किचन के बड़े बर्तनों को साफ करने के लिए एक बड़ा चम्मच बेकिंग सोडा, 1 लीटर पानी और 4-5 बड़े टुकड़े फॉइल पेपर को उबालें फिर इसमें पुराने बर्तन डालें। कुछ देर के बाद बर्तन अपने आप साफ हो जाएंगे।

error: Content is protected !!