February 6, 2025

UP One India

Leading Hindi News Website

फिल्म मिमी की रीमेक में कीर्ति सुरेश कृति सेनन का किरदार निभाएंगी?

 

            हाल में रिलीज हुई फिल्म मिमी ने खूब सुर्खियां बटोरी हैं। इस फिल्म में कृति सेनन मुख्य भूमिका में नजर आई थीं। फिल्म में उनके अभिनय को पसंद किया गया था। यह फिल्म स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई है। अब इस फिल्म से जुड़ी एक अहम जानकारी सामने आ रही है। खबरों की मानें तो मिमी की रीमेक में कीर्ति सुरेश अभिनेत्री कृति सेनन का किरदार निभा सकती हैं।
         रिपोर्ट की मानें तो मिमी की रीमेक में कृति का किरदार साउथ अभिनेत्री कीर्ति सुरेश अदा कर सकती हैं।
        कीर्ति सुरेश को ब्लॉकबस्टर फिल्म मिमी की तमिल और तेलुगु रीमेक में मुख्य भूमिका निभाने के लिए संपर्क किया गया है। फिलहाल इस संबंध में आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है।
           यह एक द्विभाषी फिल्म होगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कीर्ति सुरेश ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। कहा जा रहा है कि एक बड़ी प्रोडक्शन कंपनी ने इस फिल्म की रीमेक बनाने के अधिकार हासिल कर लिए हैं। मिमी समृद्धि पोरे की मराठी फिल्म माला आई व्हायची की हिन्दी रीमेक है। इस फिल्म को 2013 में तेलुगु में पहले ही रीमेक किया गया था, जिसका शीर्षक वेलकम ओबामा रखा गया था।
               ऑरिजनल मराठी फिल्म की कलाकार उर्मिला कानेतकर कोठारे ने फिल्म की तेलुगु रीमेक में यशोदा के रूप में अपनी भूमिका को दोहराया था। 2013 में आई फिल्म की तेलुगु रीमेक में कुछ बदलाव देखने को मिले थे। इस फिल्म में एक महिला के संघर्ष को फिल्माया गया है। फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे एक गरीब महिला पैसे के लिए सेरोगेट मदर की भूमिका में काम करने के लिए सहमत हो जाती हैं।
           कृति की मिमी की कहानी में बदलाव किया गया है, जो इसे अलग एंगल देता है। बताया गया है कि कीर्ति सुरेश की फिल्म कृति की मिमी के करीब होगी। मिमी में कृति एक सेरोगेट मदद की भूमिका में दिखी हैं। पंकज त्रिपाठी उनके पति की भूमिका में नजर आए हैं। सुप्रिया पाठक और मनोज पाहवा भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। कृति ने फिल्म में गर्भवती महिला की भूमिका निभाने के लिए अपना 15 किलो वजन बढ़ाया था।

error: Content is protected !!